अमरोहा/लखनऊ : यूपी के अमरोहा जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यहां हसनपुर-गजरौला मार्ग पर मनौटा पुल के पास स्कूल वैन और एक मैक्स पिकअप की जोरदार टक्कर में आईपीएस इंटरनेशनल स्कूल सहसौली की 5 वर्षीय छात्रा अनाया और एक शिक्षिका निशा (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 बच्चे और कई शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।
विपरीत दिशा से आ रही मैक्स ने स्कूल वैन में मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूल वैन छात्रों से भरी हुई थी और तेज़ रफ्तार में विपरीत दिशा से आ रही मैक्स पिकअप से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बच्चों की चीख-पुकार से अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद मची अफरातफरी
इस हादसे के बाद अफरा तफरी मच गई। हादसे में कक्षा एक की छात्रा अनाया (5 वर्ष) की मौत हो गई। वह हसनपुर की निवासी थी। मृतक छात्रा के परिजनों में कोहराम मच गया है। इसके अलावा शिक्षक निशा, निवासी हसनपुर की भी मौत हो गई, जबकि छात्र अभिकांत (10 वर्ष), आराध्यका (6 वर्ष), अरहम, अरहान (नयागांव), आरोही (7 वर्ष), काव्यांश (8 वर्ष) सहित 13 बच्चे घायल हैं। इनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अलीना, आतिफा, रूबी, चालक वितेश कुमार आदि शिक्षक और स्टाफ भी घायल है।
डीएम और एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
घायलों को पहले हसनपुर अस्पताल और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया। अरहम, अरहान, आरोही और काव्यांश की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम अलर्ट पर है। सीओ दीप कुमार पंत और एसडीएम पुष्कर नाथ चौधरी ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अमित आनंद ने मौके पर पहुंचकर जांच के आदेश दिए। हादसे की विस्तृत मैकेनिकल और ड्राइवर लापरवाही की जांच जारी है।
