नई दिल्ली: विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन को बड़ा झटका देते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) ने शुक्रवार को खुद को गठबंधन से अलग करने का ऐलान किया। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इसकी घोषणा करते हुए कांग्रेस पार्टी की भूमिका और नेतृत्व क्षमता पर गंभीर सवाल उठाए।
AAP ने कहा – अब INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं
संजय सिंह ने प्रेस से बात करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी अब INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी गठबंधन को मजबूत करने में नाकाम रही और लगातार विपक्षी एकता को नुकसान पहुंचा रही है। क्या ये बच्चों का खेल है? क्या लोकसभा चुनाव 2024 के बाद कांग्रेस ने कोई बैठक बुलाई? क्या गठबंधन के विस्तार की कोई कोशिश हुई?— संजय सिंह,उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस कभी अखिलेश यादव की, कभी उद्धव ठाकरे और कभी ममता बनर्जी की आलोचना करती है, जबकि उसे सबको एक साथ लेकर चलना चाहिए था।
लोकसभा चुनाव के बाद INDIA की पहली बैठक से पहले बड़ा झटका
AAP की यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब शनिवार शाम को INDIA गठबंधन की डिजिटल बैठक प्रस्तावित है और सोमवार से संसद का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है। विपक्षी दलों की यह बैठक लोकसभा चुनाव 2024 के बाद पहली औपचारिक चर्चा मानी जा रही थी, लेकिन अब इसमें आम आदमी पार्टी की गैरमौजूदगी तय हो गई है।
गुजरात उपचुनाव जीत के बाद केजरीवाल का कांग्रेस पर निशाना
गुजरात के विसावदर विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने AAP को हराने के लिए कांग्रेस को मैदान में उतारा था। संजय सिंह ने इसी संदर्भ में कहा: हमने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और गुजरात में अकेले चुनाव लड़े। अब बिहार विधानसभा चुनाव भी अकेले लड़ेंगे। AAP की नीति स्पष्ट है — हम अब INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं।
हम एक मज़बूत विपक्ष की भूमिका में रहेंगे – संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा कि पार्टी सरकार के खिलाफ अपनी भूमिका निभाती रहेगी और संसद में जनता के मुद्दे उठाती रहेगी। उन्होंने कहा “हम हमेशा एक मजबूत विपक्ष की भूमिका में रहे हैं और रहेंगे।
