बरेली/पीलीभीत: यूपी के पीलीभीत जिले की सबसे बड़ी प्रशासनिक बैठकों में से एक जिला पंचायत बोर्ड बैठक उस समय हंगामे का केंद्र बन गई, जब जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र पाल पर बैठक के दौरान हमला हो गया। आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य नितिन पाठक के ड्राइवर अनमोल ने अधिकारी को थप्पड़ मारा और गिरेबान पकड़कर धमकाया। यह घटना सभा कक्ष में खाद वितरण पर चल रही चर्चा के दौरान हुई। जिससे प्रशासनिक अमला हतप्रभ रह गया। शुक्रवार को विकास भवन के कर्मचारियों ने कमलबंद हड़ताल करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
जानें क्या हुआ बैठक में
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, CDO राजेंद्र कुमार श्रीवास और सभी सदस्य मौजूद थे, जब कृषि अधिकारी खाद की स्थिति पर जवाब दे रहे थे, तभी नितिन पाठक ने तीखे सवाल किए। बहस बढ़ी तो उसका ड्राइवर अनमोल कुर्सी से उठकर अधिकारी के पास आया और थप्पड़ जड़ दिया।
आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज, जांच शुरू
कृषि अधिकारी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और शासकीय कार्य में बाधा जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
विकास भवन में प्रदर्शन
हमले से आक्रोशित विभागीय कर्मचारियों ने सभी कामकाज ठप कर दिए और परिसर के बाहर धरना -प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। घटना के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, अपर मुख्य अधिकारी हरमीक सिंह, और अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरभाग सिंह ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। मीडिया के प्रयासों के बावजूद सभी मौन नजर आए।
