पश्चिम बंगाल: बाबरी मस्जिद की नींव रखने को लेकर राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। टीएमसी के विधायक हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर को मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखने का एलान किया है और स्पष्ट कहा कि “हम बाबरी मस्जिद बनाकर रहेंगे। अगर देश का गृह मंत्रालय निर्देश जारी करता है कि किसी भी मस्जिद का नाम बाबर के नाम पर नहीं होगा, तो मैं उस पर विचार करूंगा।”
विधायक ने अपने बयान में चुनौती भी दी और कहा, “अगर कोई मुझे रोकना चाहता है तो मुर्शिदाबाद आएं, मैं अपने बलिदान के लिए तैयार हूं।” उन्होंने सवाल उठाया कि 464 साल पहले बाबर के कमांडर ने मस्जिद बनवाई थी, लेकिन उस समय किसी ने विरोध नहीं किया। अब जब वह बाबर के नाम पर मस्जिद बनवाना चाहते हैं तो विरोध क्यों हो रहा है।
इस पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि “हुमायूं कबीर की मंशा बंगाल में अस्थिरता फैलाना और धार्मिक-साम्प्रदायिक भावनाओं को भड़काना है। किसी भी धार्मिक स्थल के निर्माण में आपत्ति नहीं है, लेकिन बाबर के नाम पर और 6 दिसंबर जैसी संवेदनशील तारीख से इसे जोड़ना सुप्रीम कोर्ट और संविधान को चुनौती देने के समान है।”
