जयपुर दौरे पर सपा प्रमुख बोले -जहां पीड़ा है वहां PDA है’, भाजपा ने साजिश कर नीतीश कुमार को मुख्यधारा की राजनीति से किया किनारे
वसुंधरा होतीं तो ज्यादा तरक्की होती, पर्ची वाले CM किसी का भला नहीं कर सकते
जयपुर/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार की सियासत में चल रही हलचल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वे और INDIA गठबंधन के कई नेता चाहते थे कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनकर राजनीति से रिटायर हों, लेकिन अब हालात ऐसे बना दिए गए हैं कि उन्हें राज्यसभा सदस्य के रूप में रिटायर होना पड़ सकता है। इसके लिए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर “धोखा” देने का आरोप लगाया।
भाजपा ने नीतीश के साथ साजिश की
जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा,“हम चाहते थे कि नीतीश कुमार देश का नेतृत्व करते हुए प्रधानमंत्री के रूप में रिटायर हों, लेकिन भाजपा की साजिश और षड्यंत्र के कारण अब वे राज्यसभा सांसद के रूप में रिटायर होंगे। भाजपा ने उनके साथ बहुत बड़ा धोखा किया है।”
राज्यसभा जाने के बाद चर्चा तेज
एसपी चीफ अखिलेश का यह बयान ऐसे समय आया है जब नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद बिहार की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा तेज है।राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि यह कदम बिहार में नेतृत्व परिवर्तन का संकेत हो सकता है।
वसुंधरा होतीं तो ज्यादा तरक्की होती, पर्ची वाले CM किसी का भला नहीं कर सकते
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने दौरे के दौरान राजस्थान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “यहां की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे होतीं तो ज्यादा तरक्की होती, पर्ची वाले मुख्यमंत्री किसी का भला नहीं कर सकते। उन्होंने बिना नाम लिए वर्तमान नेतृत्व पर तंज कसते हुए।कहा कि जनता को मजबूत और स्वतंत्र नेतृत्व चाहिए, न कि “पर्ची से तय” नेतृत्व।
चुनाव आयोग और भाजपा पर भी साधा निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनाव आयोग के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि“भाजपा जब मुद्दों पर हारती है, तो संस्थाओं के पीछे छिपकर हमला करती है। चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। फर्जी दस्तखत से वोट कटवाने की साजिश की गई, लेकिन शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।”
जहां पीड़ा है वहां PDA है : अखिलेश
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने जयपुर दौरे के दौरान भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “जहां पीड़ा है वहां PDA है, जहां बीजेपी है वहां पीड़ा है और जहां पीड़ा होगी वहां PDA होगा। इसलिए PDA के पौधे मैं यहां लगाने आया हूं।” अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूत करने के लिए PDA (पिछड़ा, दलित,अल्पसंख्यक) को एकजुट कर रही है। उनके इस बयान को राजस्थान सहित कई राज्यों में सपा के संगठन विस्तार और राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है
2027 में यूपी से भाजपा हटाने का दावा
सपा प्रमुख ने कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को एकजुट कर सामाजिक न्याय की सरकार बनाई जाएगी। अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण, किसानों की आय, महंगाई और वैश्विक कूटनीति जैसे मुद्दों पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल वादे करती है, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती। इस बयान के बाद बिहार और राष्ट्रीय राजनीति में नई बहस छिड़ गई है, वहीं भाजपा की ओर से अब तक इस पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
