होटल पर शुरू हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष, बाइक से भागे युवक को रोडवेज के पास घेरकर उतारा मौत के घाट
बरेली : यूपी के बरेली देहात की बहेड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां मिनी बैंक संचालक की पीछा कर लोहे की रॉड से पीट -पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले होटल पर विवाद किया, फिर युवक के भागने पर उसका पीछा कर रोडवेज के पास घेर लिया और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बहेड़ी कोतवाली प्रभारी दिनेश शर्मा ने The Justice Hindi को बताया कि हत्या के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
होटल पर गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
मृतक की पहचान शीशगढ़ थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी सतेंद्र कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वह नगर पालिका परिसर में एसबीआई की मिनी ब्रांच और सीएचसी सेंटर संचालित करता था। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात मिनी ब्रांच बंद करने के बाद वह मोहम्मदपुर चौराहा बाईपास स्थित एक होटल पर खाना खाने पहुंचा था। इसी दौरान मोहम्मदपुर गौटिया निवासी अंकित अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर सतेंद्र से गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर मारपीट शुरू हो गई।
जान बचाने को भागा, मगर पीछा कर मार डाला
हमले से बचने के लिए सतेंद्र बाइक से मौके से भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। रोडवेज के पास उसे घेर लिया गया और लोहे की रॉड से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर चोट लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा।स्थानीय लोगों की मदद से उसे निजी एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
हत्या की धारा में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने पहले घायलावस्था में भाई सुरेंद्र की तहरीर पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन सतेंद्र की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
CCTV खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज
इंस्पेक्टर बहेड़ी दिनेश कुमार शर्मा ने मीडिया को बताया कि पुलिस घटना स्थल के आसपास करीब 300 मीटर दायरे के CCTV फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सतेंद्र की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और उसकी एक छोटी बेटी है। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। अच्छे व्यवहार और मिलनसार स्वभाव के कारण क्षेत्र में उसकी अच्छी पहचान थी। उसकी हत्या की खबर से गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
