वाराणसी। बुधवार दोपहर रामनगर थाना क्षेत्र के भीटी के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। एक ही परिवार के तीन सदस्यों—पति, पत्नी और उनकी 5 महीने की मासूम बच्ची—की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार परिवार को रौंद दिया, जिससे तीनों के शव सड़क और ट्रक के पहियों के बीच चिपक गए।
भीटी के पास हुआ दर्दनाक हादसा
हादसा बुधवार दोपहर करीब 12 बजे का है। मिर्जापुर जिले के रहने वाले ओम प्रकाश (32) अपनी पत्नी ममता (30) और 5 माह की बेटी तान्वी उर्फ अर्पिता के साथ मिर्जापुर से ससुराल चंदौली जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक भीटी चौकी के आगे शुभरतना रेस्टोरेंट के पास मोड़ पर पहुंची, तभी ब्रेकर से उछलकर बाइक डंपर के सामने जा गिरी। तेज रफ्तार ट्रक ने तीनों को कुचल दिया।
ओवरटेक के दौरान हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओमप्रकाश और डंपर चालक दोनों रामनगर से टेंगरामोड़ चंदौली की दिशा में जा रहे थे। ओमप्रकाश ने मोड़ से पहले डंपर को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन बाइक अचानक बेकाबू हो गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें रौंद दिया।
ड्राइवर को पकड़ने में जुटे लोग
हादसे के बाद ट्रक चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर ट्रक को रोक लिया। सूचना मिलते ही भीटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को ट्रक पीछे हटाकर बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला। दृश्य इतना भयावह था कि वहां मौजूद लोग सहम उठे।
पुलिस ने ट्रक व चालक किया कब्जे में
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी कोतवाली अतुल अंजन त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान ओम प्रकाश सिंह, निवासी हर्दी सहजनी, मिर्जापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक और चालक दोनों को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
तीन साल पहले हुई थी शादी, पांच माह पहले बनी थी मां
जानकारी के अनुसार, ओम प्रकाश की शादी तीन साल पहले ममता से हुई थी। ओम प्रकाश प्राइवेट नौकरी करते थे और सिर्फ पांच महीने पहले ही उनकी बेटी का जन्म हुआ था। यह परिवार ससुराल जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ओमप्रकाश की मौत की खबर से मिर्जापुर स्थित उनके गांव में मातम पसरा है। उनके पिता जवाहिर सिंह पटेल और मां रेनू देवी सदमे में हैं। करीब 15 साल पहले उनके बड़े बेटे पिंटू की भी मौत हो चुकी थी। अब छोटे बेटे ओमप्रकाश के निधन से परिवार का एकमात्र सहारा भी चला गया।
पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
एक साथ तीन जनों की मौत से गांव और क्षेत्र में शोक की लहर है। हर कोई इस दर्दनाक हादसे को लेकर गमगीन है और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहा है।
