लखनऊ: लोक सेवा आयोग की ओर से पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा रविवार को प्रदेशभर में आयोजित की जा रही है। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होनी है, जिसके लिए सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ देखने को मिली। राजधानी लखनऊ में 59 केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 27 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। सुबह 8:15 बजे से परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश देना शुरू किया गया और परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया गया। तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने की अनुमति दी गई। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है।
बलरामपुर जिले में चार केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। एमपीपी इंटर कॉलेज और एमएलके पीजी कॉलेज के तीन संकायों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8 बजे से ही परीक्षार्थियों को प्रवेश मिलना शुरू हो गया था। अपर जिलाधिकारी ज्योति राय के अनुसार प्रत्येक केंद्र पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात हैं ताकि परीक्षा नकलविहीन संपन्न हो सके।
रायबरेली में 28 केंद्रों पर परीक्षा कराई जा रही है। वहां मेटल डिटेक्टर से जांच और तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश मिल रहा है। वहीं श्रावस्ती में पांच केंद्रों पर 2232 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। नकल रोकने के लिए पुलिस और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
अमेठी में इस बार सुरक्षा और पारदर्शिता के विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6202 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। हर अभ्यर्थी की बायोमीट्रिक और आई स्कैनिंग की गई, इसके बाद बारकोड लगे प्रवेश पत्र के साथ उन्हें परीक्षा कक्ष में जाने दिया गया। केंद्रों के आसपास सुरक्षा के चलते बाजार और दुकानें बंद रहीं, जिससे परीक्षार्थियों को हल्की असुविधा हुई।
बाराबंकी में भी सुबह 9:30 बजे से पहली पाली की परीक्षा शुरू हुई। यहां 13 केंद्रों पर 5280 अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी निगरानी के साथ पुलिस बल तैनात है। फोटोस्टेट और साइबर कैफे को अस्थायी रूप से बंद रखा गया है ताकि कोई भी अनुचित साधन का प्रयोग न कर सके। बस्ती से आए एक अभ्यर्थी रामेंद्र ने कहा कि महीनों की मेहनत के बाद अब अपनी तैयारी परखने का समय आ गया है। पूरे प्रदेश में परीक्षा पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में जारी है।
