बरेली: थाना शीशगढ़ क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शीशगढ़-बहेड़ी मार्ग पर गांव जिया नगला के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। रात का समय होने के कारण किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी और दोनों के शव पूरी रात सड़क किनारे पड़े रहे। रविवार सुबह जब ग्रामीण वहां से गुजरे तो उन्होंने सड़क किनारे खाई में पड़े शवों को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मृतकों की पहचान
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहन स्वरूप (35 वर्ष) और छोटे (38 वर्ष) निवासी गांव सागड़, थाना बहेड़ी के रूप में हुई है। दोनों किसी कार्य से बाइक पर सवार होकर देर रात निकले थे। जिया नगला गांव के पास पहुंचने पर उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े शीशम के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों को रात के अंधेरे में कुछ पता नहीं चल पाया। सुबह जब लोगों ने शव देखे, तो गांव के प्रधान ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना शीशगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कराई है। फिलहाल हादसे की विस्तृत जांच जारी है ।
