लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश पंचायत राज संशोधन अध्यादेश 2026 को मंजूरी दे दी गई है। इसके तहत ग्राम पंचायतों में नियुक्त प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। इस फैसले के बाद प्रदेश में पंचायत चुनाव मई 2027 तक टलने के आसार जताए जा रहे हैं। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी ग्राम पंचायतों में पूर्व प्रधान प्रशासक की भूमिका निभाते रह सकते हैं।
कैबिनेट ने पंचायत राज संशोधन अध्यादेश को दी मंजूरी
सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम, 1947 की धारा 12 और धारा 3-क में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि धारा 12 की उपधारा 3(क) में संशोधन के लिए उत्तर प्रदेश पंचायत राज संशोधन अध्यादेश 2026 लाने का निर्णय लिया गया है। इसी कानूनी प्रावधान के तहत ग्राम पंचायतों के पूर्व प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किया गया था। मौजूदा कार्यकाल 26 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद प्रशासकों का कार्यकाल अगले छह महीने तक बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।
मई 2027 तक प्रशासकों के हाथ में रह सकती है पंचायतों की कमान
वर्ष 2021 में गठित ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद 25 मार्च 2026 के सरकारी आदेश के तहत सामान्य कार्यों के संचालन के लिए तत्कालीन ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किया गया था। इनका कार्यकाल छह महीने निर्धारित किया गया था, जो 26 नवंबर 2026 को पूरा हो रहा है। अब सरकार के नए फैसले से प्रशासक अगले छह महीने तक अपनी जिम्मेदारी निभा सकेंगे। इस हिसाब से पूर्व प्रधान मई 2027 तक पंचायतों में प्रशासक बने रह सकते हैं। इससे पंचायत चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के बाद चुनाव कराने की तैयारी
पंचायत चुनाव में सीटों के आरक्षण का फॉर्मूला तय करने के लिए सरकार ओबीसी आयोग की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने पंचायती राज संस्थाओं में पिछड़े वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने की बात कही है। इसके अनुपालन के लिए पिछड़े वर्गों से जुड़े अद्यतन आंकड़ों की जरूरत है। उन्होंने बताया कि पिछड़े वर्गों की आबादी और पिछड़ेपन की स्थिति का अध्ययन करने के लिए 18 मई 2026 को ओबीसी आयोग का गठन किया गया था, लेकिन आयोग की रिपोर्ट अभी तक सरकार को नहीं मिली है। सरकार का मानना है कि पंचायत चुनाव से पहले पिछड़े वर्गों की स्थिति का अध्ययन और आरक्षण से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। वित्त मंत्री ने कहा कि फिलहाल विधानमंडल का सत्र नहीं चल रहा है और इस मामले में तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता थी। इसी वजह से संविधान के अनुच्छेद 213 के तहत अध्यादेश लाने का निर्णय लिया गया। अब ओबीसी आयोग की रिपोर्ट और आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पंचायत चुनाव कराने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।
