बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण,योगी सरकार पर स्वास्थ्य, शिक्षा, आरक्षण और कानून-व्यवस्था को लेकर साधा निशाना
गोरखपुर : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में PDA रथयात्रा के जरिए सियासी ताकत का प्रदर्शन किया। गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के देवकही गांव तक करीब 20 किलोमीटर की रथयात्रा निकाली गई। इस दौरान जगह -जगह कार्यकर्ताओं, युवाओं, किसानों, महिलाओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।अखिलेश यादव ने देवकही में महान क्रांतिकारी अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और स्वर्गीय विनय कुमार सिंह बिन्नू को श्रद्धांजलि अर्पित की। जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में उमड़े जनसमर्थन से साफ है कि भाजपा का गढ़ गड़बड़ा गया है। इस बार जनता भाजपा को नौ बटे निल करेगी और गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी को जिताएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव केवल सीटें जीतने का चुनाव नहीं, बल्कि प्रदेश और जनता के भविष्य, लोकतंत्र और वोट के अधिकार को बचाने की लड़ाई है।
वोटर लिस्ट और वन नेशन-वन इलेक्शन पर सवाल

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग एक वोटर लिस्ट ठीक से नहीं बनवा पा रहे हैं, वे वन नेशन-वन इलेक्शन कैसे कराएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोटर लिस्ट में हेराफेरी करना चाहती है। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन ने भाजपा का मुकाबला किया और अब PDA समाज पहले से ज्यादा जागरूक है।
गोरखपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने गोरखपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था खराब हो गई है। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी से बच्चों की मौत का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवारों को समाजवादी पार्टी ने मदद पहुंचाई थी, जबकि सरकार ने अपनी गलती स्वीकार नहीं की। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में गरीबों को समुचित इलाज नहीं मिल रहा और उनसे पैसे वसूले जा रहे हैं। अखिलेश ने गोरखपुर एम्स की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर मेडिकल कॉलेजों में एम्स जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। गरीबों को बिना किसी कार्ड के मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
स्कूल बंद होने और आरक्षण में भेदभाव का आरोप

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि भाजपा सरकार के दस वर्षों में प्रदेश के 26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद हुए हैं, जिनमें करीब 500 स्कूल गोरखपुर के हैं। उन्होंने सरकारी नौकरियों में आरक्षण को लेकर भी भेदभाव का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को बाबा साहब के संविधान पर भरोसा नहीं है और आरक्षण तथा संविधान को कमजोर करने की साजिश की जा रही है।
पेपर लीक, बेरोजगारी और तकनीक पर सरकार को घेरा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि पेपर लीक नहीं हुए, बल्कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने के लिए पेपर लीक कराए गए। उन्होंने छात्रों को बांटे जा रहे टैबलेट की गुणवत्ता और पुराने मॉडल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने लैपटॉप, एंबुलेंस सेवा और डायल-100 जैसी सुविधाएं शुरू की थीं। आने वाले समय में समाजवादी पार्टी तकनीक का बेहतर इस्तेमाल कर युवाओं और प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने एंबुलेंस और डायल-100 जैसी सेवाओं को कमजोर कर दिया है।
किसानों और महंगाई का मुद्दा भी उठाया
सपा अध्यक्ष ने बढ़ती महंगाई, किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने और गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर नई गन्ना मिलें स्थापित की जाएंगी, जिनमें इथेनॉल सहित अन्य उत्पाद भी बनाए जाएंगे। इससे किसानों की आय और रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास होगा। उन्होंने पेट्रोल में ई-20 इथेनॉल मिलाने को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
गोरखपुर को लेकर योगी सरकार पर तंज
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में विकास के दावों पर तंज कसते हुए कहा कि यहां आकर ऐसा लगा जैसे यूरोप की यात्रा पर आ गए हों। भाजपा सरकार के वादों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यहां स्पेन और वेनिस भी है। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में मेट्रो चलाने का वादा किया था, लेकिन हर बरसात में मेट्रो की जगह नाव चलती है। उन्होंने पुलिस व्यवस्था में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है।
गोरखपुर की राजनीति और मठ के उत्तराधिकार पर भी टिप्पणी
अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने गोरखपुर की राजनीति और मठ के उत्तराधिकार को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि गोरखपुर और आसपास के लोगों के लिए आने वाला विधानसभा चुनाव उनके भविष्य का चुनाव है। उन्होंने ‘हाता नहीं भाता’ वाली टिप्पणी करते हुए स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर निशाना साधा। साथ ही दलितों पर अन्याय और गोरखपुर में सरकारी अस्पतालों की बदहाली का मुद्दा भी उठाया।
यूपी में अब PDA की सरकार
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA की सरकार बनाकर सामाजिक न्याय स्थापित करेगी। शहीदों और क्रांतिकारियों को सम्मान देने के साथ कानून का राज कायम किया जाएगा और किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा। उन्होंने गोरखपुर की जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को सभी नौ सीटों पर जिताने की अपील की।कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी नेता अजय कुमार सिंह टप्पू ने किया। पार्टी की ओर से जारी बयान में रथयात्रा में उमड़ी भीड़ को प्रदेश में राजनीतिक बदलाव का संकेत बताया। अखिलेश यादव ने अपने संदेश में कहा- ‘गोरखपुर की ये पुकार, अहंकार की होगी हार।’
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
