शाहजहांपुर/बरेली : सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार सुबह बरेली मंडल में दो अलग -अलग सड़क हादसों ने हड़कंप मचा दिया। शाहजहांपुर के जैतीपुर में तेज रफ्तार आलू लदे ट्रक ने जल लेकर लौट रही कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। वहीं, बरेली के फतेहगंज पूर्वी में ट्रक की टक्कर से तीन कांवड़ गिरकर खंडित होने की बात सामने आई है। इससे नाराज कांवड़ियों ने हाईवे पर कांवड़ रखकर करीब तीन घंटे तक जाम लगा दिया। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस -प्रशासन को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
शाहजहांपुर में कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसा ट्रक, दो की मौत
शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे दर्दनाक हादसा हुआ। बमिहाना गांव के करीब 15 कांवड़ियों का जत्था गुरुवार रात करीब 12 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से बदायूं के दातागंज स्थित डांडी घाट के लिए रवाना हुआ था। कांवड़िए रामगंगा नदी से जल लेकर शुक्रवार सुबह अपने गांव के शिव मंदिर की ओर लौट रहे थे। नवादा मोड़ पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर पहले दातागंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार आलू लदे ट्रक ने कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर -ट्रॉली सड़क किनारे लगे बिजली के पोल को तोड़ते हुए खाई में पलट गई। वहीं, ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ट्रैक्टर -ट्रॉली में सवार कांवड़ियों में कई गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों और पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
दो कांवड़ियों की मौत
हादसे में बमिहाना निवासी अमन (20 वर्ष) और गुड्डू (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार कराया गया। गंभीर हालत वाले घायलों को बेहतर इलाज के लिए बरेली और शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि एक घायल का जैतीपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, हाइड्रा से हटाए वाहन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हो गया था। पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाकर रास्ता साफ कराया और यातायात सुचारु कराया। पुलिस के मुताबिक हादसे में शामिल ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
बरेली में ट्रक की टक्कर से तीन कांवड़ क्षतिग्रस्त,गुस्साए कांवड़ियों ने हाईवे किया जाम

उधर, बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह ही कांवड़ियों के जत्थे के साथ हादसा हो गया। हरिद्वार से गंगाजल लेकर गोला गोकर्णनाथ जा रहे कांवड़ियों को पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िया घायल हो गया, जबकि टक्कर लगने से तीन कांवड़ गिरकर क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसा सुबह करीब पांच बजे बताया जा रहा है। मदनापुर क्षेत्र के कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर गोला गोकर्णनाथ जा रहे थे। इसी दौरान फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में पीछे से आए ट्रक ने कांवड़ियों के जत्थे को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक कांवड़िया घायल हो गया। वहीं तीन कांवड़ सड़क पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना से कांवड़ियों में आक्रोश फैल गया।
कांवड़ सड़क पर रखकर हाईवे पर बैठे श्रद्धालु
हादसे से नाराज कांवड़ियों ने अपनी कांवड़ सड़क पर रख दीं और हाईवे पर बैठकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। स्थिति को संभालने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।
आठ बजे खुला जाम, पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा
पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों को मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह करीब आठ बजे कांवड़ियों को समझाकर जाम खुलवाया जा सका। इसके बाद हाईवे से कांवड़ हटाई गईं और यातायात को दोबारा सुचारु कराया गया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक और चालक के संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बनी रही।
