औरैया/लखनऊ : यूपी के औरैया जिले में एक युवक द्वारा चलती स्कॉर्पियो कार की छत पर बैठकर कोल्ड ड्रिंक पीने का स्टंट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। यह वीडियो देख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन मालिक और स्टंट कर रहे युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही 15,500 रुपये का जुर्माना लगाया और ड्राइविंग लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने की सिफारिश की है। यह घटना औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर हुई। वीडियो में देखा गया कि चलती कार की छत पर बैठा युवक कोल्ड ड्रिंक का मजा ले रहा है। वहीं दूसरे हिस्से में दो युवक खिड़की से लटकते और बिना स्टेरिंग पकड़े गाड़ी चला रहे हैं। पुलिस ने इसे न केवल खतरनाक बल्कि कानून की खुलेआम अवहेलना करार दिया है।
सीओ बोले – होगी सख्त कार्रवाई
सीओ सदर अशोक कुमार ने कहा कि वीडियो सामने आते ही पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और कार्रवाई शुरू कर दी। उन्होंने कहा, “इस तरह की लापरवाह हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। वाहन का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया आरटीओ कार्यालय को भेज दी गई है।”पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर और सख्ती बरती जाएगी ताकि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
