महोबा में 4000 से ज्यादा फर्जी मतदाता! अखिलेश ने चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल, बोले – ‘अगर नहीं रुका तो जनता सड़कों पर उतरेगी’
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी चुनाव में मतदान वाले दिन फर्जी आधार कार्ड बनाकर वोटिंग कर रही है, और प्रशासन का साथ लेकर चुनाव आयोग को ‘जुगाड़ आयोग’ बना दिया है। उन्होंने महोबा जिले में एक ही घर में 4000 से अधिक मतदाता दर्ज होने का हवाला देते हुए कहा कि फर्जी आधार से फर्जी नामों के वोट डलवाए जा रहे हैं। आरोप लगाया कि बीजेपी के पास ऐसी मशीनें हैं जिन्हें बूथ पर भेजा जाता है, और लोगों को ट्रेनिंग दी जाती है कि नकली आधार कैसे बनाया जाए।
चुनाव आयोग पर निशाना

उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है। बीजेपी प्रशासन का सहारा लेकर हमारे वोट अपने पक्ष में कर रही है। अगर यह सिलसिला जारी रहा, तो देश में नेपाल जैसे हालात बन सकते हैं।” सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मजबूत बूथ एजेंट बनें, वोट की निगरानी करें और फर्जी वोटिंग को रोकें।
भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अपराध पर भी हमला

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार बढ़ाने, बेरोजगारी फैलाने और महिलाओं की सुरक्षा की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “एनकाउंटर से अपराध नहीं रुकते, सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए एनकाउंटर कर रही है।”
भाजपा पर जमीन कब्जाने का आरोप

पूर्व सीएम ने कहा कि गोरखपुर समेत कई जिलों में बड़े पैमाने पर जमीनों पर कब्ज़ा, अन्याय और उत्पीड़न चल रहा है। आरोप लगाया कि सरकार का ‘जीरो टॉलरेंस’ का नारा पूरी तरह से विफल हो चुका है। “गोरखपुर में बड़े पैमाने पर गोरख धंधा चल रहा है, जमीनों का भी, अन्याय और उत्पीड़न का भी। जीरो टॉलरेंस का नारा इनका जीरो हो चुका है।”
केंद्र सरकार पंजाब की खुशहाली को दे पैकेज
उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की खुशहाली के लिए भारत सरकार को कम से कम 15 हज़ार करोड़ रुपये से ज्यादा की मदद करनी चाहिए, ताकि राहत मिल सके। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में आई बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए भी मदद की आवश्यकता बताई। रोज़गार के मुद्दे पर उन्होंने कहा “यह सरकार रोजगार नहीं दे पा रही है और जिन पर रोजगार है उन्हें TET में फसाएं दे रही है।”
भाजपा पर झूठ फैलाने का आरोप
सपा प्रमुख ने भाजपा पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि “भारतीय जनता पार्टी के लोग झूठे लोग हैं। देश, समाज और भाईचारा बचाना है तो भाजपा हटाओ।” बुलडोजर कार्रवाई पर पलटवार करते हुए अखिलेश ने कहा, “अगर हमारी पार्टी का कार्यालय गिराया जाएगा, तो हमारी सरकार बनने पर उसी बुलडोजर से उनके स्मारक भी गिराए जाएंगे। कमजोर को डराया जाता है, लेकिन जब कमजोर को मौका मिलेगा तो इसका इलाज भी होगा।”
पेरियार जी को किया याद
धार्मिक मुद्दों को प्राथमिकता देने पर उन्होंने चेतावनी दी कि “देश की बर्बादी का हर वह व्यक्ति जिम्मेदार है। जिसे लगता है कि शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार से ज्यादा महत्वपूर्ण धार्मिक मुद्दे हैं। आज हम इस कोट के साथ पेरियार जी को याद करते हैं।”
जानें क्या बताई भविष्य की रणनीति
उन्होंने घोषणा की कि 2027 विधानसभा चुनाव में सपा केवल जीतने वाले उम्मीदवारों को टिकट देगी। बिना सर्वे के कोई प्रत्याशी घोषित नहीं होगा। अखिलेश यादव ने भाजपा पर भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी, कानून व्यवस्था की विफलता और जमीनों पर कब्ज़ा जैसे मुद्दों पर हमला बोलते हुए जनता से भाजपा हटाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि समाज की बेहतरी के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर ध्यान देना जरूरी है, न कि धार्मिक उग्रता फैलाकर समाज को विभाजित करना।
