बाराबंकी : प्यार, धोखा और पंचायत का हैरान कर देने वाला मामला यूपी के बाराबंकी से सामने आया है। इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती ने पहले प्यार का रूप लिया और फिर थाने तक पहुंच गई। कानपुर की तलाकशुदा महिला का आरोप है कि बाराबंकी के मोहिद्दीनपुर गांव निवासी कुलदीप कुमार ने खुद को अविवाहित बताकर उससे दो साल तक संबंध बनाए। इसके बाद में पता चला कि कुलदीप शादीशुदा है और चार बच्चों का पिता है। सच्चाई सामने आने पर महिला थाने पहुंच गई और कुलदीप पर धोखाधड़ी और शोषण का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि इस दौरान कुलदीप ने उसे शादी का झांसा दिया और दो बार अबॉर्शन भी कराया।
प्रेमिका को देखकर घर से भागा कुलदीप
महिला जब अचानक बाराबंकी पहुंची तो कुलदीप उसे देखकर घर से भाग निकला। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया।
थाने में पंचायत और अनोखा समझौता
शनिवार को बदोसराय कोतवाली परिसर में घंटों पंचायत चली। अंततः समझौते में तय हुआ कि कुलदीप अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ बाराबंकी में रहेगा, तो वहीं, जब प्रेमिका बुलाएगी तो वह कानपुर जाकर उसके साथ समय बिताएगा और फिर वापस लौट आएगा। पुलिस ने दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई न करने का फैसला किया। यह अनोखा समझौता अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
