मुंबई : मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘पवित्र रिश्ता’ से पहचान बनाने वाली मराठी अभिनेत्री प्रिया मराठे का निधन हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिया मराठे दुर्लभ प्रकार के कैंसर से पीड़ित थीं और पिछले कुछ समय से उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, बीमारी से जंग लड़ते-लड़ते उन्होंने महज 38 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। प्रिया मराठे ने मुंबई के मीरा रोड स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से टीवी और मराठी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
दर्शकों के बीच बनाई खास पहचान
‘पवित्र रिश्ता’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में काम करके उन्होंने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। उनके अभिनय और सादगी ने उन्हें लाखों दिलों में जगह दिलाई थी। परिवार, रिश्तेदार और इंडस्ट्री से जुड़े लोग अंतिम संस्कार के दौरान उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। सोशल मीडिया पर भी फैंस और सितारे उनके जाने पर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं।
