बागपत : यूपी के बागपत जनपद के डोला गांव में कर्ज से परेशान एक किसान ने आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह खेत में उसका शव पेड़ से लटका मिला, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, मृतक किसान का नाम चंद्रबोस था। परिजनों का आरोप है कि कई महीनों से लोन की आरसी जारी होने के बाद बैंक अधिकारियों और अमीन की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था। यहां तक कि शनिवार को भी अमीन और चपरासी ने किसान के साथ अभद्रता की थी।
दबाव से थे मानसिक तनाव में
परिजन बताते हैं कि इसी दबाव और मानसिक तनाव से परेशान होकर किसान ने रात में खाना खाने के बाद गांव से बाहर जाकर देवता के थान में खड़े पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सब्जी तोड़ने गए मजदूर, तब लटका देखा शव
रविवार सुबह खेतों में सब्ज़ी तोड़ने गए पहुंचे मजदूरों ने शव को लटका देखा, और तुरंत गांव में सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन, ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अमीन व बैंक अधिकारियों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
