लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर चीन से बढ़ते व्यापारिक रिश्तों को लेकर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और चीनी सामान के बहिष्कार के जुमले देने वाली भाजपा सरकार का असली चेहरा अब देश के सामने है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि चीन से आयातित माल पर भारत की निर्भरता लगातार बढ़ रही है। जिसका बुरा असर देश के उद्योगों, कारखानों और दुकानों पर पड़ रहा है। इसके कारण बेरोज़गारी भी तेजी से बढ़ रही है।
सपा प्रमुख ने समझाई चीनी चाल की क्रोनोलॉजी
उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि यह एक सोची-समझी चीनी चाल की क्रोनोलॉजी है। पहले चीन भारत के बाज़ारों में अपना माल भर देगा, फिर भारत को उस पर इतना निर्भर कर देगा कि भाजपा सरकार उसकी गलत हरकतों को नज़रअंदाज़ करने लगेगी। धीरे-धीरे हमारे उद्योग बंद हो जाएंगे।
चीन मनमाने दाम पर सप्लाई करेगा सामान
उन्होंने कहा इससे महंगाई और बेरोज़गारी बढ़ेगी। जनता का आक्रोश बढ़ेगा, और भाजपा सरकार कमज़ोर पड़ जाएगी। आखिर में चीन हमारी ज़मीन पर कब्ज़ा बढ़ाएगा और भाजपा कुछ नहीं कर पाएगी। अखिलेश ने प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार को घेरते हुए तंज कसा कि भाजपाई सिर्फ ये बता दें कि सरकार के आने से पहले भारत की जितनी ज़मीन थी, क्या आज भी उतनी ही है या चीनी कब्ज़े के बाद घट गई है? उन्होंने कहा कि जनता सब समझ रही है। भाजपा सिर्फ जुमले देती है, लेकिन असली मुद्दों पर चुप रहती है।
