वाराणसी से विदेश तक फैला जहरीली सिरप का नेटवर्क! सपा प्रमुख बोले-सरकार की खामोशी कई सवाल खड़े करती है
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नकली और जहरीली कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा मुख्यालय से जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश से लेकर देश के अन्य राज्यों तक फैले हजारों करोड़ रुपये के इस अवैध कारोबार को भाजपा सरकार का संरक्षण प्राप्त है। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा,“जब खुद फंस जाओ, तो दूसरे पर इल्ज़ाम लगाओ। ये खेल बहुत पुराना है।हुक्मरान कोई नई बात बताएं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में न केवल नकली कफ सिरप, बल्कि कई अन्य अवैध कारोबार भी फल-फूल रहे हैं।
भूमाफिया और अवैध धंधों का आरोप
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में जिलों-जिलों में भूमाफिया सक्रिय हैं, जो सरकारी और गरीबों की जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर विभाग और हर काम में भ्रष्टाचार व्याप्त है, जिससे आम जनता सबसे अधिक प्रभावित हो रही है।
बच्चों और गरीबों की जान से खिलवाड़
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि नकली और जहरीली कफ सिरप का कारोबार सीधे तौर पर गरीबों और बच्चों की जिंदगी से जुड़ा हुआ अपराध है, लेकिन इसके बावजूद सरकार की कार्रवाई न के बराबर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन कारोबारियों पर सरकार का बुलडोजर खामोश है, जो सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।
वाराणसी से शुरू होकर विदेश तक नेटवर्क
सपा प्रमुख के मुताबिक, यह अवैध कारोबार वाराणसी से शुरू होकर जिले-जिले फैलते हुए अन्य राज्यों और विदेशों तक पहुंच चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
STF पर भी सवाल, नई टास्क फोर्स की मांग
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मामले की जांच कर रही एसटीएफ (STF) पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि“अवैध और जहरीली कफ सिरप मामले की जांच कर रही एसटीएफ भी कारोबारियों से मिली हुई है, तभी अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।”उन्होंने मांग की कि कोडीन कफ सिरप मामले की निष्पक्ष और सच्ची जांच के लिए ईमानदार अधिकारियों की एक अलग ‘स्पेशल सिरप टास्क फोर्स’ (STF) बनाई जाए।
SIR प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप, सपा ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में आ रही खामियों को दूर करने की मांग की है। सपा ने कहा कि बस्ती जिले में अनुपस्थित, शिफ्टेड, डुप्लीकेट और मृतक (ASD) मतदाताओं की सूची का अधिकांश सत्यापन बीएलओ और बीएलए द्वारा किया जा चुका है। बड़ी संख्या में प्रविष्टियों में सुधार भी हुआ है। समय कम होने का हवाला देते हुए मांग की गई है कि जांच के बाद सही पाए गए मतदाताओं को हटाकर शेष ASD सूची पुनः उपलब्ध कराई जाए, ताकि गहन सत्यापन पूरा हो सके। बाराबंकी जिले में सपा ने आरोप लगाया कि कई मतदान केंद्रों पर बीएलओ ने राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) को ASD सूची उपलब्ध नहीं कराई, जिससे सत्यापन प्रक्रिया में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। पार्टी ने सभी बीएलए को तत्काल सूची देने की मांग की है।
पीएम के कार्यक्रम में लगाए बीएलए
शिष्टमंडल ने कहा लखनऊ में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के चलते कई बीएलओ को एसआईआर कार्य से हटाकर कार्यक्रम की तैयारी में लगाए जाने पर सपा ने आपत्ति जताई है। पार्टी ने मांग की है कि ऐसे बीएलओ को तुरंत मुक्त कर SIR प्रक्रिया में लगाया जाए, ताकि तय समय में पारदर्शी ढंग से मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरा हो सके। ज्ञापन सौंपने वालों में के.के. श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह और राधेश्याम सिंह शामिल रहे, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई की मांग की।
