रामपुर/लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खां ने जेल से रिहाई के बाद पहली बार मीडिया से बुधवार को बातचीत की। उन्होंने कहा “जहां तक मुकदमों का सवाल है, अगर उनमें दम होता तो मैं आज बाहर नहीं दिखता। छोटी अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मुझे इंसाफ मिलने की उम्मीद है। एक दिन मैं बेदाग हो जाऊंगा।”उनके घर पर सुबह से ही मिलने वालों का तांता लगा रहा। मगर, वह काफी कम लोगों से मिले।
अखिलेश यादव का जताया आभार
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/jvX8e7unubs?si=R-uDbesZM770c8iG
आजम खां ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन पर धन्यवाद देते हुए कहा “अखिलेश नेताजी की औलाद हैं, उनसे मुहब्बत करता हूं और चाहूंगा कि उनकी सरकार बने।”उन्होंने पांच साल के जेल जीवन को बेहद कठिन बताया और कहा कि इस दौरान उनका जीवन पूरी तरह बदल गया है।
बसपा में शामिल होने की अटकलों पर सफाई
बहुजन समाज पार्टी (BSP) में शामिल होने की अटकलों पर आजम खां ने स्पष्ट कहा “हम बिकाऊ नहीं… हमारा भी चरित्र है। ऐसा कोई सवाल ही नहीं है।”
जेल में मोबाइल चलाना भूल गए
आजम खां ने कहा कि जेल में रहते-रहते उन्होंने मोबाइल चलाना तक भूल गए हैं। लेकिन जेल ने उन्हें एक नई सोच और नई दिशा दी है।
उन्होंने यह भी कहा कि जो नेता जेल के दौरान उनसे मिलने नहीं आए, उनके प्रति उनके मन में कोई नाराजगी नहीं है।
शत्रु संपत्ति मामले में अगली सुनवाई 1 अक्टूबर को
आजम खां के खिलाफ दर्ज शत्रु संपत्ति मामले में बुधवार को गवाह न आने की वजह से सुनवाई टल गई। अब अगली सुनवाई 1 अक्टूबर को होगी। यह मामला 2019 में दर्ज हुआ था, जिसमें आजम खां, उनकी पत्नी डॉ. तजीन फात्मा और अन्य लोगों पर जौहर यूनिवर्सिटी में शत्रु संपत्ति शामिल करने का आरोप है।
