बरेली : यूपी के बरेली देहात की कोतवाली देवरनियां थाने के दरोगा सतीश कुमार को एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दरोगा मेडिकल स्टोर संचालक से रिश्वत लेते हुए दिखाई दे रहा है।
पीड़ित की शिकायत और आरोप
गांव कठर्रा निवासी पीतम सिंह का बरेली-नैनीताल हाईवे किनारे विशाल मेडिकल स्टोर है। पीड़ित ने मीडिया को बताया कि स्थानीय दबंग मयंक वर्मा और शशांक वर्मा (दिवंगत विधायक अम्बा प्रसाद के पौत्र) पिछले दो साल से रंगदारी वसूल रहे हैं। 19 अगस्त की सुबह, दोनों आरोपी अपने साथियों के साथ पहुंचे। पहले पड़ोस की कन्फेक्शनरी दुकान में आग लगा दी, फिर मेडिकल स्टोर पर हमला कर लगभग 50 हजार का नुकसान पहुँचाया
दुकान से 5500 लूट का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि दुकान में रखे 5500 कैश भी लूट लिए हमले में पीतम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके कान पर चोट लगी, जिससे सुनने की क्षमता चली गई। इस घटना के बाद मेडिकल संचालक और कन्फेक्शनरी स्वामी ने अलग-अलग दो एफआईआर दर्ज कराई। आरोपियों में मयंक वर्मा और शशांक वर्मा के नाम भी शामिल हैं। मामले की विवेचना दरोगा सतीश कुमार को सौंपी गई थी।
रिश्वत का वीडियो बना सबूत
पीड़ित ने आरोप लगाया कि दरोगा ने आरोपियों से मिलीभगत कर मामले को कमजोर करने की कोशिश की और उससे मेडिकल स्टोर में ही रिश्वत ली। यही वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दरोगा को निलंबित कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, निलंबन आदेश के बाद दरोगा थाने से लापता हो गया है।
एडीजी से लगाई थी न्याय की गुहार
पीड़ित पीतम सिंह ने एडीजी ज़ोन रमित शर्मा से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि आरोपी लगातार धमका रहे हैं और कभी भी जानलेवा हमला कर सकते हैं।
