उन्नाव : उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस पलटने के बाद सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। बस में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी। कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
ड्राइवर को आई नींद की झपकी, डिवाइडर से टकराकर पलटी बस
जानकारी के मुताबिक हादसा मंगलवार सुबह करीब 5 बजे थाना औरास क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 262 के पास हुआ। बस दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी और उसमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि बस तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई और बस डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते बस पलट गई और सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
6 लोगों की मौत, 20 घायल… राहत-बचाव में जुटा प्रशासन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंच गईं। घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। बस के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी देर तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस के अनुसार हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 20 यात्री घायल हुए हैं। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें डीएम, एसएसपी और एडीएम भी शामिल रहे, मौके पर पहुंचे और पूरे हालात का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात भी सामान्य कराया।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के पीछे के सभी कारणों को गंभीरता से खंगाला जा रहा है। आइए अब सुनते हैं इस पूरे मामले पर क्या बोलीं सीओ सफीपुर सोनम सिंह।
