लखनऊ : समाजवादी पार्टी के सभी युवा संगठनों ने बुधवार को हजरतगंज चौराहे पर उस समय जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जब एक न्यूज मैगज़ीन द्वारा नेताजी मुलायम सिंह यादव और उनके परिवार के खिलाफ “अशोभनीय व अभद्र टिप्पणी” प्रकाशित की गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नेताजी का नाम पौराणिक संदर्भों से जोड़कर उनका अपमान किया गया है, जो अस्वीकार्य है।
हजरतगंज चौराहे पर किया सांकेतिक दहन
समाजवादी युवजन सभा, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड, समाजवादी लोहिया वाहिनी और समाजवादी छात्रसभा के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर डिजिटल प्लेटफॉर्म का सांकेतिक दहन किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि नेताजी का अपमान समाजवादी कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रही और पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डेन भेज दिया।
ईको गार्डेन जाकर नेताओं ने किया समर्थन
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरूल हसन चांद, प्रदेश सचिव सऊद मुशीर, नगर महासचिव शब्बीर खान और राष्ट्रीय सचिव (छात्रसभा) अब्दुल्ला ने ईको गार्डेन पहुंचकर सभी हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इस दौरान प्रदर्शन की अगुवाई करने वाले प्रमुख युवा नेता अनीस राजा प्रदेश अध्यक्ष, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड, रामकरन निर्मल-प्रदेश अध्यक्ष, समाजवादी लोहिया वाहिनी, अरविंद गिरी- प्रदेश अध्यक्ष, समाजवादी युवजन सभा, विनीत कुशवाहा-प्रदेश अध्यक्ष, समाजवादी छात्रसभा
हजारों की भीड़, कई जिलों के युवा पहुँचे
प्रदर्शन में शैलेश यादव, हसीब हसन, अर्पित त्रिवेदी, रामा यादव, अजय यादव, मो. कैफ सिद्दीकी, सुजीत यादव, रोहित यादव, रियाज अहमद, शिव कुमार टाइगर, ममता शर्मा, दिलीप यादव, अवनीश यादव, राघव प्रधान, दिव्यांशु पांडे सहित सैकड़ों समाजवादी युवा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा-“नेताजी मुलायम सिंह यादव का सम्मान हर समाजवादी के लिए सर्वोपरि है। किसी भी मंच पर उनका अपमान अस्वीकार्य है। युवा संगठनों ने पूरी मजबूती से आवाज उठाई है।”
सपा ने चुनाव आयोग से की बड़ी शिकायत,मुजफ्फरनगर में गणना प्रपत्र वितरण में गड़बड़ी
सपा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर मुजफ्फरनगर और झाँसी में चुनावी प्रक्रियाओं में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत की है। सपा ने मांग की है कि मुजफ्फरनगर की छह विधानसभाओं बुढ़ाना, चरथावल, पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, खतौली और मीरापुर—में बीएलओ घर–घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र दो प्रतियों में उपलब्ध कराएं, जैसा कि चुनाव आयोग के निर्देशों में स्पष्ट है। पार्टी ने आरोप लगाया कि बीएलओ घर-घर जाने की बजाय ग्राम प्रधान, कोटेदार या सत्तारूढ़ दल के स्थानीय नेताओं के यहां बैठकर मतदाताओं को बुला रहे हैं और सिर्फ एक-एक प्रपत्र दे रहे हैं। साथ ही मतदाताओं से दस्तावेज लगाने का दबाव भी बनाया जा रहा है, जो आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है। इससे मतदाताओं में भ्रम और असंतोष बढ़ा है। सपा ने झाँसी की बबीना (222) और गरौठा (225) विधानसभा में भी तकनीकी गड़बड़ी की शिकायत की है। ज्ञापन के अनुसार निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर 2003 की मतदाता सूची गलत तरीके से अपलोड हो गई है।मतदान केंद्र खोलने पर किसी दूसरे केंद्र की सूची दिखाई दे रही है। इससे मतदाताओं और बूथ लेवल एजेंटों को दिक्कत हो रही है।
