पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में 202 सीटों की प्रचंड जीत दर्ज करने वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के लिए आज का दिन बेहद खास है। गांधी मैदान में कुछ ही देर बाद नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
इस ऐतिहासिक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ एनडीए के सभी घटक दलों के प्रमुख, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कई दिग्गज नेता मंच पर मौजूद रहेंगे।
मंच पर पहुंचते ही एलजेपी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने सभी वरिष्ठ नेताओं से आशीर्वाद लिया। सूत्रों के मुताबिक, चिराग पासवान अपनी पार्टी से तीन मंत्री चाहते थे, लेकिन आज की शपथ में एक मंत्री ही शामिल हो रहे हैं। बाकी मंत्रियों को बाद में शपथ दिलाई जाएगी।
नीतीश कुमार के साथ मंच पर उत्तर प्रदेश, मेघालय, छत्तीसगढ़, हरियाणा, राजस्थान और ओडिशा के मुख्यमंत्री भी मौजूद हैं। माहौल को और उत्साहित बना रहे हैं भाजपा सांसद मनोज तिवारी और भोजपुरी स्टार पवन सिंह, जो मंच पर गीत प्रस्तुत कर रहे हैं।
गांधी मैदान में जनता की भारी भीड़ उत्साहपूर्ण नारों के साथ एनडीए सरकार के समर्थन में गूंज रही है। वहीं भाजपा की नवनिर्वाचित विधायक मैथिली ने कहा,“मैं बेहद उत्साहित हूं। यह पूरे बिहार के लिए उत्साह और उम्मीद का बड़ा दिन है।”
