बरेली: बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान में गंभीर लापरवाही सामने आई है। निर्वाचन कार्य में रुचि न लेने और जिम्मेदारी निभाने में शिथिलता के आरोप में सुपरवाइजर अनुपम आनंद ने बीएलओ प्रिया गुप्ता के खिलाफ अलीगंज थाने में FIR दर्ज कराई है। वहीं सुपरवाइजर जय नरायन की शिकायत पर बीएलओ रुकसार फात्मा के खिलाफ सुभाषनगर थाने में FIR हुई है।
सुभाषनगर में गलत पते के गणना प्रपत्र बांटने की शिकायत
कैंट विधानसभा क्षेत्र के सुभाषनगर मोहल्ले के लोगों ने बीएलओ की ओर से गलत पते के गणना प्रपत्र देने का गंभीर आरोप लगाया है। स्थानीय निवासी हरजीत सिंह उर्फ राजा राठी ने बताया कि बीएलओ राजीव कॉलोनी का पता लिखकर मतदाताओं को फॉर्म बांट रहे हैं, जिससे करीब दो हजार से अधिक फॉर्म त्रुटिपूर्ण होने की आशंका है। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी गुलाब चंद्र ने कहा कि मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को चेताया-काम में तेजी लाएं
कलक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में DM अविनाश सिंह ने निर्वाचन कार्यों की बूथवार स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन सुपरवाइजर एवं बीएलओ द्वारा पाँच प्रतिशत से कम फॉर्म डिजिटाइजेशन हुआ है, उन्हें तुरंत सक्रिय किया जाए। DM ने स्पष्ट कहा कि जहां भी लापरवाही मिलेगी, जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय है।
लेखपाल और सींचपाल पर भी ढिलाई के आरोप
अधिकारियों ने DM को बताया कि नियुक्त किए गए कई लेखपाल और सींचपाल भी निर्वाचन कार्य में शिथिलता बरत रहे हैं। इस पर DM ने कड़ा रुख अपनाते हुए इनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
