मऊ : यूपी के मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। 67 वर्षीय सुधाकर सिंह को दो दिन पहले सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उन्होंने आज सुबह अंतिम सांस ली। उनके बेटे डॉक्टर सुजीत सिंह ने निधन की पुष्टि की है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

सुधाकर सिंह ने 2023 के घोसी उपचुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री दारा सिंह चौहान को 42 हजार से अधिक वोटों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी। वे तीन दशकों से अधिक समय तक समाजवादी पार्टी के जमीनी नेता रहे और किसान एवं दलित समुदाय में उनकी व्यापक लोकप्रियता थी। वर्ष 2023 में हुए उपचुनाव में सुधार सिंह को कुल 1,24,427 वोट मिले थे, जबकि दारा सिंह चौहान 81,668 वोटों पर सिमट गए थे। उपचुनाव में कुल 10 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें से आठ की जमानत जब्त हो गई थी। इससे पहले 2017 और 2019 उपचुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2022 में सपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया था, लेकिन 2023 में उन्होंने तीसरी बार विधायक बनकर इतिहास रचा।

परिजनों के अनुसार सुधाकर सिंह हार्ट की बीमारी से जूझ रहे थे और 2022 में उनका पेसमेकर लगाया गया था। मंगलवार को वे उमर अंसारी के रिसेप्शन में शामिल होने दिल्ली गए थे। वापसी के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट पर उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। वाराणसी पहुंचने पर हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति देखते हुए उन्हें लखनऊ मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया था, जहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उनका निधन हो गया। सुधाकर सिंह के निधन से मऊ और पूर्वांचल की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें संघर्षशील और जमीन से जुड़े नेता के रूप में याद किया है।
