पूर्व सीएम ने देशवासियों को नववर्ष 2026 की दी बधाई, सामाजिक सद्भाव और लोकतंत्र की सुरक्षा का दिया संदेश
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के शासन में गुण्डई और अराजकता चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने गुण्डों और माफियाओं को संरक्षण प्रदान किया हुआ है, जिससे ये लोग आम जनता, पर्यटकों और महिलाओं तक को प्रताड़ित कर रहे हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का इकबाल खत्म हो चुका है, और पुलिस प्रशासन अब जनता के विश्वास योग्य नहीं रहा। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री और सरकार अराजक तत्वों की गतिविधियों पर चुप्पी साधे हुए हैं और उनका जीरो टॉलरेंस दावा पूरी तरह झूठा साबित हो चुका है।
गुंडे खुलेआम बांट रहे हैं हथियार
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। गुण्डे खुलेआम हथियार बांट रहे, पर्यटकों से मारपीट कर रहे और बहन -बेटियों को परेशान कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे लोग जो हिंसक विचार और हथियार घरों तक पहुंचा रहे हैं, उनके खिलाफ सरकार और पुलिस कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठा रही। सपा प्रमुख ने चेतावनी दी कि प्रदेश की सामाजिक छवि और कानून व्यवस्था इस तरह कमजोर बनी रही तो उत्तर प्रदेश की देश और दुनिया में छवि बर्बाद हो जाएगी।
सामाजिक सद्भाव और लोकतंत्र की सुरक्षा का दिया संदेश
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी देशवासियों को नववर्ष 2026 की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने नये वर्ष में सुख-समृद्धि, आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान की प्रतिष्ठा बचाने के लिए सभी को एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नववर्ष में किसानों, गरीबों, महिलाओं, नौजवानों और व्यापारियों के जीवन में खुशियां आएंगी और समाज के सभी वर्ग सम्मान के साथ जीवन जी सकेंगे।
सपा ने राजनारायण की पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि
राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय एवं प्रदेश के सभी जनपदों में प्रखर समाजवादी नेता राजनारायण जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समाजवादी आंदोलन में उनके योगदान और संसदीय सेवा पर चर्चा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। नेता विपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद नरेश उत्तम पटेल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। अखिलेश यादव ने कहा कि राजनारायण जी ने न केवल सामाजिक बल्कि संसदीय व्यवस्था में भी रूढ़िगत परंपराओं को तोड़ा और आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव, घर-घर पहुँचाने का काम किया और अन्याय के प्रतिकार में सदैव अग्रणी रहे। इस अवसर पर पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, विधायक आनन्द यादव, पूर्व विधायकगण रामबृक्ष सिंह यादव, मोहम्मद अरशद, भगेलू राम सहित मणींद्र मिश्र, एसके राय, केके श्रीवास्तव, राधेश्याम सिंह, डॉ. वंदना चतुर्वेदी, निसार अहमद, साधू यादव पहलवान,शैलेन्द्र यादव, विवेक यादव, सन्टी, अवधेश यादव, मधुर श्याम राय,अर्चना रावत, आशा यादव, मीना शंखवार, डीपी यादव, ऋषभ यादव,भूपेन्द्र सरकार, सलाहुद्दीन,आकाश यादव,शिवम यादव, नव्या यादव, हाजी फिरोज खान, गब्बर ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
