दोस्त बने दुश्मन, शराब पार्टी के बीच बुजुर्ग की ली जान, 2 गिरफ्तार
हाथरस/लखनऊ : महज एक माचिस न देने पर 60 वर्षीय बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना हाथरस जिले के सासनी थाना क्षेत्र के गोहाना गांव की है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक चौब सिंह (60 वर्ष) अपने दोस्तों संतोष और कल्लन के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान संतोष और कल्लन ने उससे माचिस मांगी। माचिस देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और संतोष ने कल्लन के घर से ब्लेड लाकर चौब सिंह का गला रेत दिया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। एसपी चिरंजीवी नाथ सिंह ने मीडिया को बताया कि हत्या का कारण आपसी विवाद और शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी है। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त ब्लेड भी बरामद कर लिया गया है।
