खाई में उतरी रोडवेज बस, युवक हिरासत में, बस के पीछे दौड़ते रहे पुलिस और ग्रामीण
बिजनौर/लखनऊ : यूपी के कालागढ़ में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कौशांबी डिपो की खड़ी रोडवेज बस को एक युवक अचानक चलाकर ले गया। घटना दोपहर करीब 11.30 बजे की है। बस चालक यात्रियों को उतारने के बाद चाय पीने चला गया और गलती से चाबी बस में ही छोड़ दी, तभी एक सिरफिरे युवक ने मौके का फायदा उठाकर बस को स्टार्ट कर दिया और सड़क पर दौड़ा दी।
बस के पीछे दौड़ते रहे लोग, रास्ते में मारी टक्कर
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/sPHMSGDDMSw?si=RIXKI0Az9t0Nxxiv
बस को जाते देख चालक, और ग्रामीण शोर मचाते हुए पीछे दौड़े। कई बाइक सवार भी बस का पीछा करने लगे। सूचना मिलते ही डायल -112 पुलिस भी जीप से पीछा करने लगी। युवक ने 14 किलोमीटर तक बस दौड़ाई। इस दौरान उसने एक रोडवेज बस और ई-रिक्शा को टक्कर मारी। ई-रिक्शा में सवार दो यात्री और एक साइकिल सवार बच्चा घायल हो गया। ग्रामीण हाथों से इशारा करके सामने से आने वाले वाहनों को बचाते रहे।
खाई में उतरी बस, युवक गिरफ्तार
आखिरकार अफजलगढ़ के गांव अगवानपुर के पास युवक से बस का नियंत्रण छूट गया और बस खाई में उतर गई। पुलिस ने तुरंत युवक को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से कमजोर है। घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक यात्री ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
