जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि पर सपा प्रमुख का संकल्प, बोले-समाजवादी आंदोलन को और तेज करेंगे,बीजेपी ने जम्मू-कश्मीर को किया बर्बाद
बरेली : समाजवादी आंदोलन के पुरोधा और ‘छोटे लोहिया’ के नाम से विख्यात स्व. जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए कहा कि आज पूंजीवादी ताकतें हावी हो रही हैं और ऐसे समय में लोहिया, बाबा साहब, जनेश्वर मिश्र और नेताजी के विचारों को मजबूत करना समाजवादियों की जिम्मेदारी है।अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अधर्म के रास्ते पर चल रही है और समाजवादी पार्टी इसके खिलाफ मजबूती से खड़ी रहेगी। साधु-संतों के अपमान पर सख्त रुख, बोले- किसी भी सरकार के खिलाफ खड़े होंगे। अखिलेश यादव ने स्पष्ट कहा कि किसी भी साधु-संत का यदि अपमान होता है और वह किसी भी सरकार द्वारा किया जाता है, तो समाजवादी पार्टी उसके खिलाफ खड़ी होगी। उन्होंने कहा कि सम्मान और आस्था के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
पूंजीवाद हावी, लोहिया-बाबा साहब के विचारों को आगे बढ़ाएंगे : अखिलेश
उन्होंने उपमुख्यमंत्री से जुड़े एक बयान का जिक्र करते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को अहंकार छोड़कर संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और जनता की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। एक अन्य मुद्दे पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि एक घटना के बाद सरकार के तमाम विभाग मिलकर भी एक इंजीनियर की जान नहीं बचा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी लापरवाही और संवेदनहीनता के कारण यह मौत हुई। उन्होंने कहा कि सुनने में आया है कि ठंडे पानी के कारण कोई मदद के लिए आगे नहीं आया, जो बेहद चिंताजनक है।
भाजपा ने कश्मीर को बर्बाद किया, लोकतंत्र को किया कमजोर
इससे पहले लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में जम्मू-कश्मीर विधानसभा के स्पीकर अब्दुल गनी राथर और बारामूला के पूर्व सांसद व पूर्व मंत्री अब्दुल रशीद शाहीन ने अखिलेश यादव से शिष्टाचार भेंट की। कश्मीर के नेताओं ने बातचीत में कहा कि भाजपा ने जम्मू-कश्मीर के साथ सौतेला व्यवहार किया है और 150 साल पुरानी रियासत को बर्बाद कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कश्मीर में लोकतंत्र कमजोर हुआ है, सभी अधिकार नौकरशाही के हाथों में चले गए हैं।
जनप्रतिनिधियों की अनदेखी
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की अनदेखी हो रही है, और भ्रष्टाचार चरम पर है। टूरिज्म, हैंडीक्राफ्ट और फल कारोबार को भारी नुकसान पहुंचा है। कश्मीर के नेताओं ने कहा कि अखिलेश यादव की भूमिका कश्मीर ही नहीं, बल्कि पूरे देश में अहम है। लोगों को उन पर भरोसा है और देश में बदलाव का रास्ता उत्तर प्रदेश से निकलेगा। उन्होंने अखिलेश यादव को जम्मू-कश्मीर आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि कश्मीरियों की ख्वाहिश है कि वे आगे बढ़ें और देश की रहनुमाई करें।
UP में सपा सरकार बनी तो कश्मीरी व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने कश्मीर के नौजवानों, किसानों और व्यापारियों से वादे करके उन्हें धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में भाजपा का कोई भविष्य नहीं है, इसलिए वह वहां की जनता के खिलाफ काम कर रही है। खनन के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कश्मीरी उत्पादों के लिए विशेष बाजार और व्यवस्थाएं की जाएंगी, जिससे टूरिज्म और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
इन प्रमुख नेताओं की रही मौजूदगी
इस मौके पर उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, पूर्व नेता विरोधी दल राम गोविन्द चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य राजेन्द्र चौधरी, जम्मू-कश्मीर समाजवादी पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष विजय अबरोल और सपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य फरूखसियर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि पर अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि, बच्चों के बीच रुककर बांटे बिस्कुट
समाजवादी आंदोलन के पुरोधा ‘छोटे लोहिया’ स्व. जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी ने प्रदेश भर में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित कीं। लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। श्रद्धांजलि के बाद अखिलेश यादव पार्क में पिकनिक मना रहे बच्चों के बीच पहुंचे और उन्हें बिस्कुट बांटे। उन्होंने कहा कि बच्चों की मुस्कान ही जनेश्वर मिश्र पार्क की असली सफलता है और सपा का सपना है कि यह पार्क फिर से झूलों और रौनक से भरे। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनेश्वर मिश्र परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
