एसपी ने दी चेतावनी- बाढ़ में न जाएँ, जरा-सी लापरवाही बन सकती है मौत का कारण, तेज धारा में समा गए दो जिंदगियाँ
शाहजहांपुर/लखनऊ : यूपी के शाहजहांपुर जिले में बाढ़ का नजारा देखने और सोशल मीडिया के लिए रील बनाने गए दो दोस्तों की जिंदगी काल बन गई। शाहजहांपुर रिंग रोड पर राईखुर्द गांव के पास बाढ़ के पानी में डूबकर 17 वर्षीय कमल और 19 वर्षीय रिंकू की मौत हो गई। करीब 20 घंटे बाद सोमवार को एसडीआरएफ ने दोनों के शव बरामद किए। घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।
रील बनाने को दोबारा लौटे
तिलहर इलाके के घुसवारी गांव के कमल और रिंकू अपने तीन दोस्तों के साथ बाइक से बाढ़ देखने पहुंचे थे। सड़क पर लगभग दो फुट पानी भरा था। पहले वे मस्ती करते रहे और लौट भी गए, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर दोबारा वापस आए और मोबाइल से रील बनाने लगे। इसी दौरान कमल पानी में उतर गया और डूबने लगा। रिंकू उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन तेज धारा में वह भी फंस गया। अन्य तीन दोस्तों ने मदद की कोशिश की, लेकिन उन्हें बाहर निकाला गया, जबकि कमल और रिंकू की जान नहीं बच सकी।
रात भर गोताखोरों ने तलाशा
इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। तमाम लोग घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद रातभर गोताखोरों ने तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार को एसडीआरएफ ने दोनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। कमल कक्षा नौ का छात्र था और परिवार में सबसे छोटा भाई था। उसकी मौत से मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रिंकू पढ़ाई छोड़ चुका था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। दोनों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है।
नहर में नहाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
बताया गया है कि हादसे से पहले दोनों का बाढ़ में नहाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। एसपी राजेश द्विवेदी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर 20 प्वाइंट पर निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नदी-तालाब और बाढ़ग्रस्त इलाकों में न जाएं। “जिंदगी से खिलवाड़ न करें, जरा-सी लापरवाही जानलेवा हो सकती है।
