शाहजहांपुर/लखनऊ : होली के दिन यूपी के शाहजहांपुर में सियासी रंग उस वक्त गहरा हो गया, जब तिलहर विधानसभा से भाजपा विधायक सलोना कुशवाहा के पति डॉ. राम सिंह कुशवाहा पर दो युवकों ने कथित तौर पर तमंचा तान दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विधायक सलोना कुशवाहा ने मीडिया को बताया कि,उनके पति डॉ. राम सिंह कुशवाहा समर्थकों के साथ होली पर आखत डालने जा रहे थे। तभी चौराहे पर दो युवक आए और उन पर तमंचा तान दिया। बताया जा रहा है कि साथ चल रहे समर्थकों ने तुरंत हस्तक्षेप कर आरोपी का तमंचा पकड़ लिया। इस दौरान दोनों युवकों को काबू में भी कर लिया गया, लेकिन वे हाथ छुड़ाकर मौके से फरार हो गए।
पूर्व विधायक की कोठी में घुसने का आरोप
भाजपा विधायक ने आरोप लगाया है कि भागते समय आरोपी पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा की कोठी में घुस गए। इस आरोप के बाद मामला राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। हालांकि, पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे परिवार के साथ होली मना रहे थे और उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है।उन्होंने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया।
जानें इंस्पेक्टर ने क्या बताया मीडिया को
शाहजहांपुर जिले के निगोही थाने के इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने बताया कि वे फिलहाल ड्यूटी पर हैं, और मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मगर, होली जैसे त्योहार पर हुई इस घटना ने तिलहर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा दिया है।पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
