बरेली : यूपी के बरेली जिले के शाही थाना क्षेत्र में माहौल खराब करने की कोशिश का मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र गांव ठिरिया कल्यानपुर में मंगलवार रात अज्ञात खुराफातियों ने कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल गिरा दी।जिससे एक समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभाला। इस मामले में इंस्पेक्टर शाही ने “The Justice Hindi” को बताया कि खुराफातियों ने कब्रिस्तान की दीवार गिरा दी थी। जिसके चलते सूचना पर तुरंत पहुंचे। दोबारा दीवार बनाने का कार्य शुरू हो चुका है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है, जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रात में गिराई गई दीवार, सुबह फैला आक्रोश
जानकारी के अनुसार, ठिरिया कल्यानपुर की आबादी लगभग 3700 है। इसमें करीब 500 लोग मुस्लिम समुदाय से हैं। गांव के बाहर स्थित कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान तत्कालीन मीरगंज विधायक सुल्तान बेग ने विधायक निधि से बनवाई थी।बुधवार सुबह जब ग्रामीण वहां पहुंचे, तो बाउंड्री वॉल गिरी मिली।इसके बाद गांव में नाराजगी फैल गई और लोग इकट्ठा होने लगे।
पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक शाही राजेश बैंसला और चौकी इंचार्ज दुनका मुनेंद्र पाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान के पति प्रेमपाल की सूचना पर पुलिस ने हालात का जायजा लिया और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। कुछ देर बाद सीओ मीरगंज अजय कुमार भी मौके पर पहुंचे।उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
दो दिन में दीवार दोबारा बनाने के निर्देश
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि कुछ शरारती तत्वों ने गांव का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है। प्रभारी निरीक्षक को खुराफातियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने और दो दिन के भीतर बाउंड्री वॉल दोबारा बनवाने के निर्देश दिए गए हैं।
गांव में शांति, पुलिस की निगरानी
इस घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी हाल में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
