लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह सरकार जनता को कोई सुविधा नहीं दे रही, बल्कि हर तरफ से वसूली कर रही है। अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में खुलासा किया कि उनकी गाड़ी पर ओवरस्पीडिंग का आठ लाख रुपये का चालान कर दिया गया। उन्होंने कहा पुलिस सिर्फ़ वसूली कर रही है। भाजपा के लोग पूरा सिस्टम चला रहे हैं। सरकार की तरफ़ से दी गई गाड़ियां चलने लायक भी नहीं हैं, लेकिन चालान ऐसे किए जा रहे हैं जैसे जनता एटीएम मशीन हो।
जीएसटी पर चुनावी हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जीएसटी दरों में बदलाव को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह केवल चुनाव को देखकर जीएसटी कम की गई है। लेकिन असल में मुनाफाखोरी कम नहीं होगी। महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर हैं।
वोट चोरी और ‘जुगाड़ आयोग’
सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग को निशाने पर लेते हुए कहा अब चुनाव आयोग भाजपा का ‘जुगाड़ आयोग’ बन गया है। वोट चोरी की पूरी मशीनरी चल रही है। कुंदरकी और अन्य जगहों पर भाजपा ने वोटों की डकैती की। लेकिन इस बार पंचायत और विधानसभा चुनाव में भाजपा की चोरी पकड़ी जाएगी।
शिक्षा और छात्रों का भविष्य
शिक्षक दिवस पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने शिक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 27 हजार प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए और विश्वविद्यालयों को एक विचारधारा थोपकर बर्बाद किया है।
“भाजपा के एजेंडे में शिक्षा और नौकरी है ही नहीं। छात्रों पर लाठीचार्ज करना अपमानजनक है। भाजपा सिर्फ़ इस्तेमाल और बर्बाद करने वाली पार्टी है।” इस दौरान पार्टी के प्रमुख लोग, और शिक्षक मौजूद थे।
