लिव-इन रिलेशनशिप और पारिवारिक विवाद बना वजह,अगवा दो मासूम जिंदा मिले, पिता भी सुरक्षित बरामद
बरेली : यूपी के बरेली शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र में परधौली गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने एक खौफनाक किडनैपिंग और मर्डर प्लान का पर्दाफाश कर दिया दिल्ली -लखनऊ हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो कार खड़े टैंकर से टकरा गई, जिसमें सवार तीन बदमाश मनमोहन, सिकंदर और विशेष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा आरोपी प्रिंस गंभीर रूप से घायल है। हालांकि, इस हादसे में सीबीगंज थाना क्षेत्र के अटा कायस्थान निवासी दो बाइक सवारों की भी मौत हो गई। इस मामले में एसपी सिटी मानुष पारीक ने मीडिया को बताया कि हादसे वाली कार में दो बच्चे मिले थे। उनकी शिनाख्त की कोशिश में बच्चों के किडनैपिंग का खुलासा हुआ। उन्होंने बताया कि मृतक मनमोहन का मनोज की एक रिश्तेदार युवती से प्रेम संबंध था। वह शादी करना चाहता था। इसका मनोज में विरोध किया। जिसके चलते आरोपी ने दोस्तो के साथ मनोज और बच्चों का किडनैप किया था। मगर, रास्ते में यह हादसा हो गया। इससे पूरे मामले का खुलासा हो गया। मनोज और बच्चों को सकुशल बरामद किया है।
हादसे के बाद सामने आई सच्चाई
हादसे के बाद कार से दो मासूम बच्चे जिंदा मिले, जिनकी पहचान मयूर (6 वर्ष) और लक्ष्य (3 वर्ष) के रूप में हुई। ये दोनों बच्चे गुरुग्राम के डीएलएफ क्षेत्र से अगवा किए गए थे। जांच में सामने आया कि बदमाशों ने बच्चों के पिता मनोज को पहले ही फरीदपुर स्थित मनमोहन के घर में बंधक बना रखा था और उनकी हत्या की योजना बनाई जा रही थी। बच्चों की मां पूजा ने भी बच्चों और पति के अपहरण की बात बताई है।
लिव-इन विवाद और प्रेम प्रसंग बना कारण
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी मनमोहन का परिवार से पुराना विवाद और लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा मामला इस पूरे घटनाक्रम की वजह बना। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते अपहरण और हत्या की साजिश रची गई थी।
पुलिस की कार्रवाई तेज
घायल आरोपी प्रिंस से लगातार पूछताछ जारी है। बच्चों की मां पूजा को सूचना दे दी गई। पुलिस ने सर्विलांस के जरिए पिता मनोज को सुरक्षित बरामद किया। गुरुग्राम के डीएलएफ थाने में पहले ही गुमशुदगी दर्ज थी।
हादसे की वजह भी आई सामने
स्थानीय जानकारी के अनुसार बोलेरो की तेज रफ्तार और हाईवे पर खड़े टैंकर से टक्कर हादसे की मुख्य वजह बनी। मामले में जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए जांच तेज कर दी है। अविनाश सिंह ने लापरवाही के पहलुओं की जांच के निर्देश दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।
