मतदाता सूची पुनरीक्षण के नाम पर बढ़ी साइबर ठगी की कोशिशें
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी मतदाताओं को अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह देते हुए एक बड़ा बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) के दौरान कुछ अराजक तत्व बूथ लेवल अधिकारी (BLO) बनकर OTP मांगकर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR की किसी भी प्रक्रिया में OTP या लिंक की जरूरत नहीं होती, इसलिए ऐसे किसी भी मैसेज या कॉल पर भरोसा न करें।
क्या कहा मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने?
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि SIR के दौरान गणना प्रपत्र भरने में बीएलओ द्वारा OTP नहीं मांगा जाता। OTP मांगने वाले लोग साइबर फ्रॉड या धोखाधड़ी में शामिल हो सकते हैं। मतदाता OTP साझा न करें, ऐसे कॉल तुरंत काट दें। SIR में लगे BLO घर-घर जाकर ही प्रपत्र वितरित और संग्रह कर रहे हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि OTP/लिंक ठगी के मामलों पर जागरूकता अभियान चलाया जाए। शिकायत मिलने पर संबंधित साइबर एजेंसी से कठोर कार्रवाई कराई जाए।
SIR प्रक्रिया में क्या होता है, क्या नहीं?
इसमें BLO गणना प्रपत्र घर-घर वितरित करते हैं। मतदाता स्वयं भी फॉर्म भरकर BLO को दे सकते हैं। पहचान व जानकारी का कागजी सत्यापन होता है। मगर, इसमें OTP नहीं मांगा जाता। किसी भी लिंक पर क्लिक करने की जरूरत नहीं। मोबाइल पर कोई डिजिटल वेरिफिकेशन अनिवार्य नहीं।
CEO ने मतदाताओं से की ये अपील
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि “SIR की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदेह की स्थिति में अपने BLO से ही संपर्क करें। आपका सहयोग शुद्ध व भरोसेमंद मतदाता सूची निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।”
