बरेली : उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने अचानक खतरनाक रुख अपना लिया है। लगातार दूसरे दिन तेज आंधी, धूलभरी हवाओं और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। बरेली, शाहजहांपुर,बदायूं और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में दिन के समय ही अंधेरा छा गया। तेज हवाओं के चलते पेड़ उखड़ गए, बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बदायूं में पेड़ गिरने से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बरेली और शाहजहांपुर में तेज आंधी से हालात बिगड़े
बरेली में बुधवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे अचानक मौसम बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब पंद्रह मिनट तक चली आंधी ने कई इलाकों में नुकसान पहुंचाया। ग्रामीण क्षेत्रों में कई पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। कई जगह बिजली की लाइनें टूटने से लंबे समय तक बिजली गुल रही। मौसम विभाग के अनुसार हवाओं की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच गई थी। वहीं शाहजहांपुर में भी दिन में अंधेरा छा गया। हालात ऐसे हो गए कि वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सड़क पर चलना पड़ा। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई जगह पेड़ उखड़ गए। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन खराब मौसम ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया।
लखीमपुर खीरी में बारिश से राहत, लेकिन बढ़ीं परेशानियां
लखीमपुर खीरी जिले में बुधवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन कई जगह पेड़ गिरने से रास्ते बाधित हो गए। ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। खराब मौसम के चलते लोग घरों में रहने को मजबूर नजर आए।
बदायूं में दर्दनाक हादसा, पेड़ गिरने से युवक की मौत
बदायूं जिले में तेज आंधी लोगों के लिए आफत बन गई। बुधवार सुबह धूलभरी आंधी और बारिश के चलते कई इलाकों में पेड़ उखड़कर गिर गए। आज आई तेज आंधी में बिसौली थाना क्षेत्र के गुलाबबाग निवासी बीस वर्षीय अंशुल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तेज हवाओं के दौरान अचानक एक पेड़ उनके डंपर पर गिर पड़ा। परिजन उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के मध्य भाग पर बने चक्रवाती परिसंचरण और पुरवा-पछुआ हवाओं की प्रतिक्रिया के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। विभाग ने अगले दो दिनों तक हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई है, हालांकि चौदह मई से मौसम के शुष्क होने और गर्मी बढ़ने की चेतावनी भी दी गई है।
