बरेली : सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद आज नगर पंचायत सिरौली स्थित कांग्रेस नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान नगर पंचायत सिरौली की चेयरमैन चमन सकलैनी और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी मौजूद रहे।
हज यात्रा पर रवाना नेताओं को दी बधाई

कार्यक्रम के दौरान सांसद इमरान मसूद ने हज के मुकद्दस सफर पर रवाना हो रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी और उनकी पत्नी, नगर पंचायत सिरौली चेयरमैन चमन सकलैनी को मुबारकबाद दी। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भाजपा सरकार पर हमला, पेपर लीक और महंगाई पर उठाए सवाल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद इमरान मसूद ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में देश गंभीर संकटों से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और महंगाई बढ़ने से आम जनता पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी दलों को डराया जा रहा है और वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ की शिकायतें सामने आ रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने का दावा किया
इस मौके पर कांग्रेस नेता ओमवीर यादव और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. के.बी. त्रिपाठी ने भी केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है और युवा कार्यकर्ताओं को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मजबूत प्रदर्शन करेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
