बरेली: यूपी के बरेली देहात के मीरगंज थाना क्षेत्र में जमीन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि गुस्से में आकर एक भाई ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक, 20 जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
जमीनी विवाद में बढ़ा झगड़ा
पुलिस के अनुसार मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया आजमपुर निवासी सियाराम और उसके भाई त्रिमोहन के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई।
गुस्से में आकर कर दी फायरिंग
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान सियाराम गुस्से में आ गया और उसने अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से फायर कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा -तफरी मच गई। पीड़ित त्रिमोहन की शिकायत पर थाना मीरगंज में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा
मीरगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी सियाराम को मढ़ी ग्राम जाम रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक, 20 जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के आधार पर आरोपी पर आयुध अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जमीन के बंटवारे को लेकर भाई से विवाद हुआ था और गुस्से में आकर उसने फायर कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
