अपहरण, फिरौती और हत्या!, पुलिस पर गंभीर सवाल
आजमगढ़/लखनऊ : यूपी के आज़मगढ़ ज़िले के सिधारी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। सात वर्षीय मासूम साहेब आलम का अपहरण कर हत्या कर दी गई, और शव बोरे में भरकर उसके ही घर के पास तार पर टांग दिया गया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानें कैसे हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, पठान टोला निवासी मुकर्रम अली का पुत्र साहेब आलम बुधवार शाम से लापता था। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गुरुवार दोपहर बच्चे का शव घर के बगल में बोरे में लटकता मिला। मौके पर फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और सर्विलांस टीम पहुँची और जांच शुरू की। पुलिस को सामने के घर में खून के निशान भी मिले।
फिरौती कॉल और पुलिस पर आरोप
परिजनों का कहना है कि बच्चे के लापता होने के बाद फिरौती के लिए कॉल आई थी। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। मगर, इसके बावजूद पुलिस ने गंभीरता से तलाश नहीं की। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उग्र प्रदर्शन किया।
पड़ोसी पर शक और तनाव
ग्रामीणों ने पास के एक पड़ोसी परिवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसका घर फूंकने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने 16 थानों की फोर्स और पीएसी मौके पर तैनात की। एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह और एएसपी चिराग जैन ने सख्त कार्रवाई का भरोसा देकर भीड़ को शांत कराया।
जानें क्या बोले एसपी
एसपी डॉ. अनिल कुमार ने मीडिया से कहा कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू हो गई है। आरोपी परिवार समेत घर छोड़कर फरार हैं।।अगर, किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही साबित होती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
