शहर में हाई अलर्ट, इस्लामिया ग्राउंड सील, धारा-163 लागू!
बरेली /लखनऊ : “आई लव मोहम्मद” मामले को लेकर इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (IMC) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां अपने ऐलान पर कायम हैं। उन्होंने शुक्रवार सुबह “The Justice HINDI” को वीडियो जारी कर कहा कि वह जुमे की नमाज नौमहला मस्जिद में पढ़ेंगे और उसके बाद जिम्मेदारी, एवं अमन के साथ जिलाधिकारी के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन देंगे।
जानें मौलाना का बयान
मौलाना तौकीर रजा ने कहा कि मीडिया और प्रशासन द्वारा अफवाह फैलाई जा रही है। यह सब साजिश के तहत किया गया है। उनका कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक है। उन्होंने अपील की कि ज्ञापन में शामिल लोग अच्छे मुसलमान और सच्चे हिंदुस्तानी होने का सबूत दें। किसी तरह का गैरकानूनी नारा न लगाया जाए।
बरेली प्रशासन अलर्ट
आईएमसी प्रमुख के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने इस्लामिया ग्राउंड सील कर दिया, और सौदागरान व विहारीपुर की गलियों को छावनी में बदल दिया। डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने इलाके का निरीक्षण कर साफ कहा कि बिना अनुमति रैली या प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। एक दिन पहले भी डीएम और एसएसपी ने शहर में फ्लैग मार्च किया था।
धारा-163 (पूर्व 144) लागू
डीएम ने जिले में धारा-163 लागू (पूर्व में 144) है। इसके तहत किसी भी प्रकार की रैली, धरना या प्रदर्शन पर रोक है। उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी अनुराग आर्य ने मीडिया को बताया कि नवरात्र के मद्देनज़र माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सुरक्षा के लिए 15 कंपनी PAC, 3700 से अधिक पुलिसकर्मी, 200 दरोगा, 500 सिपाही, 13 सीओ और 5 एडिशनल एसपी समेत अन्य बल तैनात किए गए हैं।
