हाथ काटने- वर्दी उतारने की धमकी केस में जुड़ा नया नाम
बरेली : यूपी के बरेली में इंस्पेक्टर को वर्दी उतारने और हाथ काटने की धमकी देने वाले मामले में अब एक और नया नाम सामने आया है। पुलिस ने जमात रजा-ए-मुस्तफा के मीडिया प्रभारी मोइन खान को भी आरोपी बना दिया है। दरअसल, रविवार को शहर के जखीरा मोहल्ले में “आई लव मोहम्मद” लिखे पोस्टरों को लेकर भीड़ जुट गई थी। सूचना पर किला थाने के इंस्पेक्टर सुभाष कुमार मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाकर हटाने का प्रयास किया। इस दौरान इत्तेहाद-ए-मुस्लिम काउंसिल (IMC) के महासचिव एवं प्रवक्ता डॉ. नफीस खान भी मौजूद थे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इंटरनेट मीडिया पर वायरल एक वीडियो में डॉ. नफीस को इंस्पेक्टर से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए और हाथ काटने तथा वर्दी उतरवाने की धमकी देते हुए सुना गया। इसी आधार पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में अब यह भी सामने आया है कि वीडियो में डॉ. नफीस के साथ मोइन खान भी दिखाई दे रहे हैं। यही कारण है कि उन्हें भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने पुष्टि की है कि मोइन उस दिन घटनास्थल पर मौजूद थे और जांच में उनकी भूमिका सामने आने के बाद नाम एफआईआर में जोड़ा गया।
कई और नाम हो सकते हैं शामिल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में और भी लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।
