बरेली/बदायूं : भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी गौरव कुमार सिंह को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने राशन की दुकान की फाइल पास कराने के नाम पर कुल 40 हजार रुपये की मांग की थी।
भूतपूर्व सैनिक से मांगी थी 40 हजार की रिश्वत
मामले की शुरुआत तब हुई, जब भूतपूर्व सैनिक सुरेश कुमार ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत दर्ज कराई। सुरेश कुमार ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी गौरव कुमार सिंह, ग्राम पिपरिया में उचित दर की दुकान की फाइल स्वीकृत कराने के एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत की जांच के बाद बरेली एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाने की तैयारी की।
टीम ने दफ्तर में पकड़ा आरोपी
गुरुवार दोपहर लगभग 12:45 बजे, एंटी करप्शन टीम ने गौरव कुमार सिंह को 5 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए दफ्तर में ही दबोच लिया। टीम ने मौके से रकम बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली के निरीक्षक इश्तियाक वारसी ने किया। जानकारी के अनुसार, गौरव कुमार सिंह बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के काजी टौला वार्ड नंबर- 1 का निवासी है और आसफपुर ब्लॉक में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात था। गिरफ्तारी के बाद विभागीय स्तर पर भी हड़कंप मच गया है।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
विभागीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के खिलाफ थाना विसौली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। एंटी करप्शन विभाग ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
