लखनऊ: पूर्व सांसद और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता उदय प्रताप सिंह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। जिसमें उन्होंने कहा था कि “सपा और लोकतंत्र नदी के दो छोर हैं।”पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह ने कहा कि योगी जी को डॉ. राम मनोहर लोहिया की किताब “हिन्दू बनाम हिन्दू” पढ़नी चाहिए। इसमें साफ़ लिखा है कि देश को सबसे बड़ा खतरा कट्टरपंथी हिंदुओं से है।
भाजपा को समाजवादी विचारधारा, और धर्मनिरपेक्षता पसंद नहीं
उन्होंने आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ समाजवादी विचारधारा और धर्मनिरपेक्षता को पसंद नहीं करते। क्योंकि, ये उनके हिंदू राष्ट्र के सपने के आड़े आते हैं। बोले, “सीएम योगी को असल शिकायत समाजवादी पार्टी से नहीं, बल्कि विचारधारा और संविधान से है। मगर, ठीकरा सपा पर फोड़ते हैं। पूर्व सांसद ने कहा कि लोकतंत्र सत्ता पक्ष, और विपक्ष, दोनों पैरों पर चलता है। यदि कोई एक पक्ष का सम्मान नहीं करता, तो वही लोकतंत्र का असली दुश्मन है। अंत में उन्होंने नारा दिया “जय हिंद, जय समाजवाद”।
