बदायूं/बरेली : सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने जन्मदिन की खुशियों को मातम में बदल दिया। बाइपास पर एआरटीओ कार्यालय के पास जिला पंचायत के बड़े बोर्ड से एक तेज रफ्तार कार टकरा गई। हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे बरेली रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 23 वर्षीय हर्षित सक्सेना उर्फ राजा (मोहल्ला कल्याण नगर, बदायूं), जो संभल के गुन्नौर में लेखपाल थे, अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे थे। उनके साथ 25 वर्षीय रुबल (निवासी दहेमी), 26 वर्षीय हर्षित गुप्ता (माल गोदाम रोड) और 24 वर्षीय अंकित (कल्याण नगर) थे।
जिला पंचायत के बोर्ड से से टकराई कार
रात करीब 1 बजे कार अचानक अनियंत्रित होकर बाइपास पर लगे जिला पंचायत के बोर्ड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, और सभी युवक सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, और तुरंत पुलिस को सूचना दी। चारों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने हर्षित सक्सेना, रुबल और हर्षित गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल अंकित को बरेली रेफर किया गया है। तीनों मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
