बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला गंगापुर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मजदूरों की पुलिया के पास दीवार और ट्रांसफार्मर के बीच एक युवक का शव फंसा मिला। शव देखते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई, और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची बारादरी पुलिस ने बिजली सप्लाई बंद कराई, और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 20 वर्षीय बबलू निवासी आलमगीरि गंज के रूप में हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, बबलू को नशे की आदत थी, लेकिन वह ट्रांसफार्मर के पास कैसे पहुंचा। यह स्पष्ट नहीं हो सका है। बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं, लेकिन हाथ और पेट पर विद्युत करंट से जलने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं।
प्रथम दृष्टया जांच में करंट से मौत
पुलिस का मानना है कि शुरुआती जांच में मौत का कारण करंट लगना प्रतीत हो रहा है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है। मगर, इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
