सपा प्रमुख बोले चीन ने भारत की कितनी जमीन छीनी ? CM पर ली चुटकी, BJP को गच्चा दिया, सिर्फ कुर्सी के लिए आए थे
लखनऊ : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में राष्ट्रध्वज को सलामी दी, और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को याद कर किसानों, नौजवानों और व्यापारियों को मजबूत बनाने का संकल्प लेना होगा। अखिलेश यादव ने याद दिलाया कि उनके कार्यकाल में ही जनेश्वर मिश्र पार्क में देश का सबसे ऊँचा तिरंगा फहराया गया था। यह 376 एकड़ में फैला एशिया का सबसे बड़ा पार्क है।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा “अग्निवीर व्यवस्था खत्म होनी चाहिए। यह युवा विरोधी है। इसके साथ ही विदेश नीति को फेल बताया। “2014 से 2025 तक भारत का क्षेत्रफल कितना घटा, यह BJP को बताना चाहिए”। बोले,”चीन हमारी जमीन पर कब्जा कर रहा है। व्यापार घाटा सबसे ज्यादा चीन से है”।
स्वदेशी सिर्फ मुंह से नहीं, मन से अपनाना होगा
उन्होंने कहा “स्वदेशी सिर्फ मुंह से नहीं, मन से अपनाना होगा”। आरोप लगाया कि भाजपा ईडी-सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। जीएसटी और नोटबंदी से कारोबार पर नकारात्मक असर पड़ा, और इनकम टैक्स का नया कानून आज़ादी को सीमित करता है।
सीएम योगी पर कसा तंज
सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा”ये न BJP के सदस्य थे न विचारधारा से जुड़े, सिर्फ कुर्सी के लिए पार्टी में आए और अब गच्चा दे दिया”। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के लोग दंगों में शामिल हैं, और जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं, जबकि समाजवादियों पर झूठे मुकदमे लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, सांसद आरके चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
