आरएसएस अंग्रेजों की देन, भाजपा सिर्फ हिंदू-मुसलमान करती है, वोट से ही बचेगा लोकतंत्र, भाजपा हटाना राष्ट्रहित में
लखनऊ : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि “आज़ादी बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली है, लेकिन BJP ने देश को संकट में डाल दिया है। अमेरिका लगातार दबाव डाल रहा है और अपना नॉन-वेज दूध भारत पर थोपना चाहता है।”
पूर्व सीएम ने सीएम को बताया नकलची

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा “मुख्यमंत्री जी नकलची हैं, बस प्रधानमंत्री की बातें दोहराते हैं। 9 साल में सेमीकंडक्टर की क्या बात करें, सुतली बम भी नहीं बना पाए। CM सेमीकंडक्टर को बस का कंडक्टर समझते हैं।”उन्होंने कहा कि BJP हिंदू-मुसलमान की राजनीति कर रही है, और RSS एक ऐसी संस्था है जिसे अंग्रेजों ने “बांटो और राज करो” की नीति के तहत बनवाया था। “ये कहने को स्वदेशी हैं, लेकिन असल में विदेशी मन के हैं। BJP भ्रष्टाचार और ज़मीन कब्ज़ाने में माहिर है।”
खतरे में बताया लोकतंत्र

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि लोकतंत्र खतरे में है, और इसे बचाने के लिए जनता को BJP से सावधान रहना होगा। “संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण तभी बचेगा जब BJP को सत्ता से हटाया जाएगा। पीडीए की मजबूती के आगे BJP सरकार टिक नहीं पाएगी।”इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, विधायक कमाल अख्तर, सचिन यादव, अनिल प्रधान, हिमांशु यादव, आशु मलिक, शहजिल इस्लाम सहित कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
