दुकानों पर कब्जे के विरोध में पांच महिलाएं पानी की टंकी पर चढ़ीं, कूदने की चेतावनी
शाहजहांपुर/लखनऊ : यूपी के शाहजहांपुर जिले के कलान कस्बे में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दुकानों पर कथित अवैध कब्जे और पुलिस प्रशासन की अनदेखी के विरोध में पांच महिलाएं अचानक ओवरहेड पानी की टंकी पर चढ़ गईं। महिलाओं ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी दुकानों को खाली नहीं कराया जाता, वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगी। हालात बिगड़ने की आशंका के चलते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचना पड़ा। घटना सुबह करीब 7 बजे की है। सत्यदेव शाक्य के परिवार की महिलाएं, गुड्डी, उनकी बेटी शिखा, रागिनी, शकुंतला और तुलसी पानी की ऊँची टंकी पर चढ़ गईं। महिलाओं ने दावा किया कि मेन रोड पर उनकी चार दुकानें हैं, जिन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है।
पुलिस पर लगाए आरोप
आरोप के अनुसार, कई बार लिखित शिकायत के बावजूद पुलिस और एसडीएम कार्यालय में उनकी नहीं सुनी गई। सत्यदेव के बेटे देवेंद्र शाक्य ने बताया कि कब्जा हटाने की मांग करने पर उल्टा थाने में उन्हें ही धारा 151 में चालान कर दिया गया,जबकि आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे परिवार आहत और निराश था। सूचना मिलते ही सीओ जलालाबाद अजय राय और नायब तहसीलदार सगीर अहमद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लगभग 5 घंटे तक महिलाओं से बातचीत कर उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों के भरोसा दिलाने के बाद महिलाएं दोपहर करीब 12 बजे टंकी से सुरक्षित नीचे उतर आईं।
शिकायत के बाद भी नहीं सुनवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि कलान और आस-पास के क्षेत्रों में दुकान/जमीन विवाद और कब्जे की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन समाधान की प्रक्रिया धीमी होने से लोग हताश हो रहे हैं।
