पूर्णिया : कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्णिया के कसबा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार की वर्तमान सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने राज्य की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली को लेकर एनडीए पर सवाल उठाए और महागठबंधन की सरकार बनने पर बड़े सुधारों का आश्वासन दिया।
सभा का सबसे भावुक पल तब आया जब महागठबंधन के प्रत्याशी मो. इरफान आलम मंच पर भावुक हो गए। राहुल गांधी ने तुरंत आगे बढ़कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा, “आप MLA के बेटे नहीं हैं, लेकिन आप किसी डाकिया के बेटे भी हो सकते हैं। हमें आपके संघर्ष पर गर्व है। यह चुनाव सिर्फ आपका नहीं, बल्कि बिहार के हर युवा और गरीब का है।”
राहुल गांधी ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में पिछले 20 साल में नीतीश कुमार ने युवाओं को मजदूर बना दिया, उद्योग के लिए जमीन नहीं है, लेकिन बड़े कारोबारियों के लिए सुविधाएँ उपलब्ध हैं। उन्होंने चुनाव में वोटिंग प्रक्रिया में गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोपों को दोहराया, और जनता खासकर जनरेशन ज़ेड से संविधान की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन को वोट देने की अपील की।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर कहा कि नालंदा जैसी विश्वप्रसिद्ध यूनिवर्सिटी अब केवल इतिहास बनकर रह गई है। पेपर लीक और भ्रष्टाचार के चलते बिहार के युवा अपनी मेहनत का पूरा फल नहीं प्राप्त कर पा रहे। स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्दशा का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि लोग अस्पताल में जीने नहीं, बल्कि मरने जाते हैं।
राहुल गांधी ने केंद्र और पीएम मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की सच्ची ताकत जनता और युवाओं में है, जबकि सरकार को बड़े नेताओं और रिमोट कंट्रोल से चलाया जा रहा है। उन्होंने बिहार के युवाओं को चेताया कि वे अपने भविष्य के लिए जागरूक रहें और बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाएँ।
